19 अप्रैल 2020 - 13:58
चारों तरफ़ से आरोप की बौछार के बीच चीनी प्रयोगशाला ने तोड़ी चुप्पी, कहा वायरस फैलाने के आरोप बेबुनियाद

चीन की उस प्रयोगशाला ने जहां से कोरोना वायरस फैलने का आरोप लगाया जा रहा है बयान दिया है कि आरोप ग़लत हैं।

वुहान प्रयोगशाला के डायरेक्टर युवान ज़ीमिंग ने जो वायरोलोजिस्ट हैं कहा है कि यह असंभव है कि कोरोना वायरस हमारी प्रयोगशाला से बाहर आया हो।

ज़ीमिंग ने सीजीटीएन टीवी चैनल से बातचीत में कहा कि कोरोना वायरस के फैलने में वुहान प्रयोगशाला की कोई भूमिका नहीं है। उन्होंने कहा कि हमें पूरी तरह मालूम है कि इस प्रयोगशाला में क्या रिसर्च हो रही है और वहां सेंपल और वायरसों को किस तरह संभाला जाता है।

ज़ीमिंग ने कहा कि मीडिया लोगों को धोखा दे रहा है बग़ैर साक्ष्यों के अटकलबाज़ी शुरू हो गई है।

वाशिंग्टन पोस्ट ने अपनी रिपोर्ट में दावा किया है कि बीजिंग में अमरीकी दूतावास के प्रतिनिधियों ने वुहान प्रयोगशाला का कई बार दौरा किया और 2018 में अमरीकी प्रशासन को सूचित किया था कि इस प्रयोगशाला में सेफ़्टी के सारे मापदंडों का पालन नहीं किया जा रहा है।